अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वेनेजुएला में सैन्य अभियान के बाद भारत में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मुंबई के एक कार्यक्रम में कहा कि अगर ट्रंप वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ सकते हैं, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पाकिस्तान से आतंकी मसूद अजहर को उठा लाना चाहिए।
वेनेजुएला घटना का जिक्र
ओवैसी ने बताया कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के चुने हुए राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को उनके देश से गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क ले गई, जहां नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में मुकदमा चलेगा। उन्होंने कहा, “ट्रंप अपनी फौज भेजकर मादुरो को उठा सकता है, सऊदी अरब यमन में बमबारी कर सकता है, तो मोदी जी भी पाकिस्तान जाकर मुंबई हमलों के अपराधी मसूद अजहर या लश्कर-ए-तैयबा के सरगनाओं को पकड़ लाएं।”
पीएम मोदी पर निशाना
ओवैसी ने पीएम मोदी के पुराने ’56 इंच का सीना’ वाले बयान का जिक्र करते हुए ताना मारा, “मोदीजी, अगर ट्रंप ये कर सकता है तो आप कम हैं क्या? आपने ही तो कहा था ‘अबकी बार ट्रंप सरकार’। 56 इंच का सीना है तो मसूद अजहर को पाकिस्तान से उठाकर लाओ।” उन्होंने अमित शाह और देवेंद्र फडणवीस का नाम लेते हुए सरकार को चुनौती दी।
राजनीतिक बहस तेज
यह बयान वेनेजुएला संकट के तुरंत बाद आया है, जिससे सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में बहस छिड़ गई। ओवैसी के समर्थक इसे कूटनीतिक दबाव की मांग बता रहे हैं, जबकि आलोचक इसे घिनौना और अव्यावहारिक बयान करार दे रहे हैं। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर BJP और AIMIM के बीच तीखी बयानबाजी बढ़ सकती है।